चंडीगढ़ , मई 01 -- पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मजदूर दिवस के मौके पर केंद्र सरकार ने देशवासियों को महंगाई का "तोहफा" दिया है।
श्री रंधावा ने कहा कि जब पूरा देश मजदूर वर्ग के योगदान को नमन कर रहा है, उसी समय रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर आम जनता पर महंगाई की एक और मार डाली गई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस फैसले से आम लोगों, विशेषकर मजदूर वर्ग की मुश्किलें और बढ़ेंगी। एक ओर मजदूर दिवस पर श्रमिकों के सम्मान और अधिकारों की बातें की जाती हैं, वहीं दूसरी ओर आम परिवारों पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस पर सच्ची श्रद्धांजलि यही होती कि बढ़ती महंगाई से राहत दी जाती और लोगों की क्रय शक्ति मजबूत की जाती।
उन्होंने कहा कि पंजाब सहित पूरे देश में खेतों, कारखानों, निर्माण स्थलों और सड़क किनारे ढाबों में मेहनत करने वाला मजदूर वर्ग पहले ही आर्थिक दबाव झेल रहा है। ऐसे में रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमत का सीधा असर उनके दैनिक जीवन और भोजन की लागत पर पड़ेगा। पंजाब में बड़ी संख्या में मजदूर सड़क किनारे सस्ते भोजनालयों पर निर्भर रहते हैं, लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण अब वहां भोजन भी महंगा होता जा रहा है। यह स्थिति गंभीर चिंता का विषय है और सरकार को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि प्रतीकात्मक घोषणाओं के बजाय महंगाई नियंत्रित करने और मजदूरों एवं गरीबों को वास्तविक राहत देने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार केंद्र सरकार के ऐसे फैसलों का विरोध करती रही है और मांग करती है कि महंगाई पर तुरंत नियंत्रण किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित