मथुरा , सितंबर 12 -- मथुरा के गोवर्धन स्थित कॉलेज में मरम्मत कार्य के दौरान छज्जी गिरने से घायल हुए मजदूर पंकज की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को गुस्साए परिजन और स्थानीय ग्रामीण मृतक का शव लेकर कॉलेज के मुख्य द्वार पर पहुंचे और प्रशासन व ठेकेदार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए आर्थिक मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से कॉलेज के मुख्य द्वार पर जीर्णोद्धार एवं मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कार्य के दौरान कॉलेज की छज्जी अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे की चपेट में आने से मजदूर पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल आगरा रेफर किया गया, जहां अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शनिवार को जब परिजन पंकज का शव लेकर कॉलेज परिसर पहुंचे, तो उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुआ था, लेकिन ठेकेदार व जिम्मेदार लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को शाम करीब 4 बजे दी। सूचना देने में की गई कई घंटों की देरी को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में प्रशासन व ठेकेदार के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली।

मृतक के भाई रॉकी ने बताया कि पंकज ही पूरे परिवार का एकमात्र कमाने वाला व्यक्ति और सहारा था। उसकी असमय मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पंकज अपने पीछे पत्नी, छह साल का मासूम बेटा और तीन साल की बेटी छोड़ गया है। अब परिवार के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने, लापरवाह ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज करने तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित