बैतूल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के सोनाघाटी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कढ़ाई में एक 45 वर्षीय मजदूर का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान अशोक पिता किशोरी लाल बरकड़े के रूप में की गई है। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। मृतक की पत्नी जब रात करीब 10 से 11 बजे के बीच उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने कमरे में पहुंचीं, तब उन्होंने देखा कि अशोक ने घर के वेंटिलेशन में रस्सी बांधकर फंदा बना लिया था और उसी पर लटके हुए थे। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और तत्काल आसपास के लोगों एवं परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई। सोनाघाटी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और पत्नी के साथ रहता था। उसकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित