बैतूल , मई 16 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बकाया मजदूरी के रुपये मांगने पर युवक पर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना आमला थाना क्षेत्र के निमझीरी गांव में शुक्रवार शाम करीब सात बजे हुई। घायल युवक की पहचान अभिषेक (18) के रूप में हुई है, जो गांव में मजदूरी का काम करता है।
पुलिस ने बताया कि अभिषेक कुछ समय पहले गांव के ही राकेश सायबू के साथ बाहर मजदूरी करने गया था। काम पूरा होने के बाद भी राकेश ने उसे करीब पांच हजार रुपये का भुगतान नहीं किया था। इसी बकाया राशि की मांग करने के लिए अभिषेक कल शाम राकेश के पास पहुंचा था।
पुलिस के मुताबिक, पैसे मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर राकेश ने कथित रूप से चाकू निकालकर अभिषेक की गर्दन पर हमला कर दिया।
घायल युवक की मौसी सरिता ने बताया कि हमले के बाद अभिषेक के गले से काफी खून बहने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल आमला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल, बैतूल रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अभिषेक का उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आमला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित