बागपत , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के सिसाना गांव स्थित यमुना खादर क्षेत्र में शुक्रवार को मछली पकड़ने के दौरान जाल में एक युवक का शव फंसने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार निजी गोताखोर इरफान अपने तीन साथियों के साथ यमुना नदी में मछली पकड़ने गए थे। जाल डालने के कुछ देर बाद जब उन्होंने उसे बाहर निकाला तो उसमें एक युवक का शव फंसा मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 31 वर्ष प्रतीत होती है। उसके हाथ पर 'ओम' अंकित है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि युवक यमुना में नहाने या किसी अन्य कारण से आया होगा और डूबने से उसकी मृत्यु हुई होगी। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इरफान ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए प्रतीत होता है कि युवक की मौत एक-दो दिन पूर्व हुई होगी।

पुलिस ने बताया कि आसपास के थानों और जनपदों से गुमशुदगी संबंधी विवरण भी जुटाए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित