संतकबीरनगर , सितंबर 26 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में वर्षों से बंद पड़ी मगहर कताई मिल को टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क के रूप में विकसित करने की योजना के मद्देनजर नवागत जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कताई मिल का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय किसानों से वार्ता कर उनका फीडबैक लिया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कताई मिल परिसर और आसपास की जमीन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग द्वारा टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क के रूप में मिल को विकसित किए जाने की योजना स्वीकृत की गई है। इसके लिए उपलब्ध 38 एकड़ जमीन के अतिरिक्त 18 एकड़ भूमि की आवश्यकता है।
श्रीमती मलिक ने बताया कि अतिरिक्त जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में शुक्रवार को उप जिलाधिकारी खलीलाबाद समेत संबंधित अधिकारियों को मिल के आसपास की जमीनों की स्थिति और उनकी उपयुक्तता के संबंध में वांछित आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता को देखते हुए स्थानीय किसानों से विभिन्न बिंदुओं पर वार्ता की गई और उनका फीडबैक भी जाना गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, वस्त्र निरीक्षक, उद्यमी मित्र समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित