मुरैना , मई 24 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल नदी किनारे मगरमच्छ के हमले में एक युवक की मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने करीब 14 घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद आज सुबह युवक का शव नदी से बरामद किया।पुलिस सूत्रों के अनुसार सरायछोला थाना क्षेत्र के ग्राम रिठोरा निवासी अनिल गुर्जर (19) शुक्रवार शाम अपने दोस्तों के साथ चंबल नदी किनारे बीहड़ क्षेत्र में बकरियां चराने गया था। इसी दौरान वह नदी किनारे शौच करने गया, तभी अचानक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर गहरे पानी में ले गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई। रात अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान बीच में रोकना पड़ा।
आज सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया और करीब 14 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित