नयी दिल्ली , अगस्त 11 -- भारत ने सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के बीच 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' पर सधी हुई प्रतिक्रिया करते हुए कहा है कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठायेगा।
पश्चिम एशिया की स्थिति के बारे में भारत ने कहा है कि वहां के घटनाक्रम पर उसकी कड़ी नजर है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग में इस बारे में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि भारत पश्चिम एशिया संघर्ष के घटनाक्रमों पर लगातार करीब से नजर रख रहा है। पाकिस्तान , सऊदी अरब और तुर्की के बीच समझौते पर उन्होंने कहा , " जहां तक इस समझौते का सवाल है, हम भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता दोनों के नजरिए से इसके प्रभावों की समीक्षा कर रहे हैं। भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाएगा।"उल्लेखनीय है कि तीनों देशों ने सात अगस्त को एक त्रिपक्षीय रक्षा समझौते 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' पर हस्ताक्षर किये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित