संभल , जून 25 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के बहजोई क्षेत्र में मक्का की नमी हटाने की मशीन में उतरे दो मजदूरों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि थाना बहजोई के अंतर्गत कृषि उत्पादन मंडी समिति के पास एस आर राइस मिल है। राइस मिल में मक्का की नमी निकालने की भी मशीन लगी हुई है, जिससे मक्का की नमी निकाली जाती है। बुधवार गुरुवार की रात को लगभग ढ़ाई बजे एक मजदूर मक्का की नमी निकालने की मशीन में उतरा था, जो जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। बेहोश मजदूर को बचाने के लिए एक मजदूर और नीचे उतरा तो वह भी बेहोश हो गया। जहरीली गैस से बेहोश हो जाने के कारण दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर थाना पुलिस एवं मजदूरों के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई एवं अन्य अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मजदूरों के परिजनों एवं मिल मालिकों से बात की जा रही है। आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित