इटावा , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के चिकनी गांव में मकान निर्माण के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैरों में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक विनय कुमार निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य करता था। मकान निर्माण को लेकर उसका अपने चचेरे भाई रामकुमार उर्फ गुड्डू से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर विनय कुमार की हत्या कर दी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र ने बताया कि घटना के बाद फरार हो रहे आरोपी की घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

घटना के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग 15 दिनों से विनय कुमार आरोपी द्वारा दी जा रही जान से मारने की धमकियों की शिकायत स्थानीय पुलिस से कर रहे थे, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने इसी लापरवाही को हत्या का कारण बताया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी की और कुछ समय तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजने दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित