अलवर , सितम्बर 20 -- राजस्थान में अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक मकान और दुकान में आग लगने से करीब 20 लाख रुपये कीमत के कैमरे ,लैपटाॅप और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर कॉलोनी में शनि मंदिर के समीप का निवासी कुलदीप साहू सपरिवार धार्मिक यात्रा पर जोबनेर माता के दर्शन के लिए गया हुआ था। कुलदीप कैमरा और ड्रोन के माध्यम से फोटोग्राफी का काम करता है। अचानक तड़के करीब चार बजे उसके घर में आग लग गई।
इस बीच देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के मकानों में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से मकान में रखे चार लैपटॉप, दो ड्रोन कैमरे, दो पीसी, लाइव मशीन, कैमरे से जुड़ा सामान, कपड़े, घरेलू सामान, एसी, पंखे सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। आरंभिक जानकारी के अनुसार आग से करीब 20 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। मकान के साथ दुकान में रखा फोटोग्राफी से जुड़ा सामान भी आग की चपेट में आ गया।
सूत्रों ने बताया कि आग मकान के पास स्थित विद्युत खंभे पर लगे डिब्बे में लगी। इसके बाद मकान की ओर जा रहे बिजली के तारों ने आग पकड़ ली और मकान तक पहुंच गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित