भीलवाड़ा , जुलाई 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के पारीक छात्रावास के पास स्थित गुल अली नगरी में रिहायशी मकान की छत पर अवैध रूप से मोबाइल फोन टावर का ढांचा खड़ा करने को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर टावर का ढांचा खड़ा कर दिया गया। घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह टावर लगाए जाने से बच्चों, बुजुर्गों के स्वास्थ्य और आसपास के मकानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके में टावर से निकलने वाले रेडिएशन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर पूरे मोहल्ले में भय का माहौल है। इसके अलावा टावर का भारी-भरकम लोहे का ढांचा बेहद असुरक्षित तरीके से लगाया गया है, जो हवा या तूफान में गिरने की स्थिति में भारी जान-माल के नुकसान का कारण बन सकता है।

क्षेत्रवासियों ने मकान मालिक से बार-बार टावर न लगाने की गुहार लगायी थी, लेकिन उन्होंने किसी की न सुनते हुए देर रात चोरी-छिपे निर्माण कार्य करवा दिया। उक्त छत पर पहले से एक मोबाइल फोन टावर स्थापित है और अब दूसरा टावर लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित