पटना , जनवरी 14 -- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक रत्नेश सदा के गर्दनीबाग स्थित आवास पर आयोजित दही- चूड़ा भोज कार्यक्रम में शामिल हुये।
यह कार्यक्रम जदयू की ओर से 1/20, मंत्री एन्क्लेव, गर्दनीबाग, पटना में आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रत्नेश सदा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति की शुभकामनायें देते हुये इस पर्व को सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधायक श्याम रजक, विधायक शीला कुमारी, विधायक संतोष कुमार निराला, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा और पटना की महापौर सीता साहू समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक- दूसरे को मकर संक्रांति की बधाई दी और दही- चूड़ा भोज के माध्यम से पारंपरिक पर्व को सामूहिक रूप से मनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित