भीलवाड़ा , जनवरी 14 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर बुधवार को शहर के मुखर्जी उद्यान में पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया, जिसका बड़ी संख्या में लड़के और लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आनंद लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवसर पर युवाओं ने पुराने लोक खेल सितौलिया और मारदड़ी खेलकर अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। सुबह से ही उद्यान में चहल-पहल दिखाई देने लगी और पारंपरिक परिधान पहने बच्चों एवं युवाओं की मौजूदगी से माहौल रंगीन हो गया।
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को पारंपरिक खेलों से जोड़ना और मकर संक्रांति के सांस्कृतिक महत्व को उजागर करना रहा। खेलों के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दर्शकों ने भी तालियों और उत्साहवर्धन के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। कई अभिभावक भी अपने बच्चों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने ऐसे आयोजनों को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उपयोगी बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित