चंडीगढ़ , सितंबर 10 -- हरियाणा सरकार ने के. मकरंद पांडुरंग को चरखी दादरी जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। वह अपने वर्तमान दायित्वों के साथ यह जिम्मेदारी भी संभालेंगे। श्री पांडुरंग सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग के आयुक्त एवं सचिव और पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं।
इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। संशोधित फीडबैक व्यवस्था के अनुसार, श्री पांडुरंग हर तिमाही निगरानी एवं समन्वय सेल को फीडबैक प्रस्तुत करेंगे। इसमें 25 करोड़ रुपये या इससे अधिक लागत वाली परियोजनाओं, अपराध की समग्र स्थिति एवं जघन्य अपराधों की घटनाओं, सतर्कता मामलों, राइट टू सर्विस एक्ट के तहत सेवा वितरण व्यवस्था की प्रभावशीलता तथा स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्रों के कामकाज की समीक्षा शामिल होगी।
श्री पांडुरंग करों जीएसटी एवं अन्य संबंधित मामलों के संबंध में डीईटीसी के समक्ष आने वाली बाधाओं की भी समीक्षा करेंगे। इसके अतिरिक्त, वह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद कर सकते हैं तथा स्वास्थ्य अथवा शिक्षा विभाग से संबंधित किसी एक महत्वपूर्ण स्थल का दौरा भी कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित