मऊ , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार भोर में शादी समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो सामने से आ रही ट्रेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में पति पत्नी और पुत्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार गोरखपुर निवासी एक परिवार अपनी बेटी की शादी समारोह में भाग लेने रांची झारखंड गया हुआ था। बीती रात वह लोग रांची से वापस आ रहे थे। शनिवार भोर में मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसातपुर अहिरानी हाईवे पर स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर अपने लेन से निकलकर दूसरी लेन में चला गया और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान गोरखपुर निवासी विनय श्रीवास्तव, अर्चना पत्नी विनय श्रीवास्तव और पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव के रूप में हुई है। इनके अलावा बिहार के गया जिले के रहने वाले रविन्द्र यादव और पुरुषोत्तम कुमार की भी मौत हो गई। परिवार रांची में अपनी बेटी की शादी कराकर घर लौट रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित