मऊ , अक्टूबर 11 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जनपद के सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य एवं पेय पदार्थों में मिलावट की रोकथाम तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न डेयरी उत्पाद, किराना की दुकान व फलहार सामग्री बेचने वालों के यहां छापेमारी कर नमूने संग्रहित के किए गए। इसके साथ ही दुकानदारों को जागरुक करते हुए खराब सामानों को नष्ट भी कराया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मंजूषा सिंह के नेतृत्व में रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनपद के देकवारा, कोपागंज स्थित मेसर्स नयन डेयरी पर औचक छापेमारी की गई। मिलावट के संदेह में स्किम्ड मिक्स मिल्क, सोडियम कार्बोनेट, खोया, स्किम्ड मिल्क पाउडर, घी एवं मिल्क क्रीम के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला भेजे जाने की कार्यवाही की गई।
निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित 60 लीटर दूध, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये तथा 90 किलोग्राम मिल्क क्रीम, जिसकी अनुमानित कीमत 27,000 रुपये है, को नियमानुसार मौके पर नष्ट करा दिया गया। इसके अतिरिक्त दूध एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण परिसर में अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में कार्य होता पाए जाने के संबंध में प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्यवाही की जा रही है।
अभियान के दौरान विभागीय टीम द्वारा आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य कारोबारकर्ताओं को कुट्टू के आटे, घी, दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता के संबंध में जागरूक किया गया। कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि पुराने कुट्टू के आटे की बिक्री न करें तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षित भंडारण का विशेष ध्यान रखें। साथ ही प्रतिष्ठानों एवं निर्माण परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित