मऊ , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हलधरपुर थाना पुलिस ने दुष्कर्म एवं आईटी एक्ट के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में हलधरपुर थाना पुलिस टीम ने बुधवार को वांछित अभियुक्त जितेंद्र राम को मथुरा मेमोरियल आईटीआई कॉलेज, खुरपा-बेलौझा के पास स्थित नहर पुलिया से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध हलधरपुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 118/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 333, 351(3) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67-ए के अंतर्गत मामला दर्ज है। वह काफी समय से वांछित चल रहा था।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित