मऊ , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे की मृत्यु हो गयी। दोनों गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र से मऊ दवा लेने जा रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र निवासी बिंदु देवी अपने पुत्र सूरज यादव के साथ बाइक से मऊ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दोहरीघाट थाना क्षेत्र के च्यूटीडाड गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बिंदु देवी और उनके पुत्र सूरज यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित