मऊ , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत मंगलवार को जिला गंगा समिति और नगर पालिका परिषद के संयुक्त तत्वावधान में तमसा नदी के ढेकुलिया घाट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नदी तट एवं आसपास से तीन टन से अधिक कूड़ा-कचरा एकत्र कर हटाया गया।

अभियान में डीसीएसके पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों, मुस्लिम इंटर कॉलेज और सुदामी देवी कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों समेत 600 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव के संयोजन में आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका अधिकारियों, सफाई कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान किया।

इस अवसर पर डॉ. हेमंत यादव ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को स्रोत स्तर पर गीले, सूखे तथा घरेलू खतरनाक कचरे को अलग-अलग करने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नदी में कूड़ा डालने से जल प्रदूषण के साथ जलीय जीव-जंतुओं और जैव विविधता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता का संदेश अपने घर और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नगर पालिका परिषद मऊ के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से नदी तट, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा नहीं फेंकने तथा घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग कर निर्धारित स्थान पर देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित