मऊ , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक अनियंत्रित डंपर ने पुलिस जीप को टक्कर मार दी। हादसे में एक पुलिस जवान की मृत्यु हो गई, जबकि एक उपनिरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि बीती रात घोसी कोतवाली की सेकंड मोबाइल गश्ती टीम उपनिरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर-वाराणसी नेशनल हाईवे पर घोसी के पास पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने पुलिस जीप को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
हादसे में हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उपनिरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल प्रीतम और सिपाही ओमप्रकाश घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य माध्यमों से डंपर की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित