मऊ , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की शहर कोतवाली पुलिस ने ज्वेलरी की दुकानों को निशाना बनाने वाले दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई बड़ी मात्रा में सोने की ज्वेलरी तथा नकली आभूषण बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित आर्य ज्वेलर्स की दुकान पर फर्जी ग्राहक बनकर पहुंचे एक दंपति ने 41 पीस सोने की नथिया और कील को डिब्बे से निकाल लिया था तथा उनकी जगह नकली पीतल के आभूषण रख दिए थे। दुकान संचालक को बाद में इस ठगी की जानकारी हुई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने देवरिया जनपद निवासी गुलाब कुमार उर्फ गुड्डू और उसकी पत्नी निर्जला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 41 अदद सोने की कील और नथिया बरामद की हैं। साथ ही भारी मात्रा में नकली 'रोड गोल्ड' ज्वेलरी भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार बरामद असली आभूषणों की पहचान आर्य ज्वेलर्स से चोरी किए गए गहनों के रूप में की गई है। वहीं नकली आभूषणों का इस्तेमाल आरोपी दंपति अन्य ज्वेलरी दुकानों में ठगी की वारदातों को अंजाम देने के लिए करने वाले थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित