मऊ , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश में मऊ के जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने फ्लोर मिलों (आटा निर्माण इकाइयों) एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान पैकेजिंग पर अग्रिम निर्माण तिथि अंकित पाए जाने और लेबलिंग में अनियमितताएं मिलने पर 2,351 किलोग्राम चक्की आटा सीज कर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न खाद्य पदार्थों के सात नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय मंजूषा सिंह के निर्देशन में खाद्य सचल दल ने विभिन्न फ्लोर मिलों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों, विशेषकर आटे में शैलखड़ी पाउडर, चावल अथवा अन्य संभावित मिलावट की रोकथाम कर उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना था।

निरीक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर स्थित ओम शांति फूड प्रोडक्ट्स में राजभोग ब्रांड के चक्की आटा पैकेटों पर निर्माण तिथि अग्रिम अंकित पाई गई। साथ ही पैकेजिंग एवं लेबलिंग में भी अनियमितताएं मिलने पर चक्की आटा के दो नमूने संग्रहित किए गए। विभाग ने मौके पर लगभग 2,351 किलोग्राम चक्की आटा, जिसकी अनुमानित कीमत 94,040 रुपये है, को सीज कर दिया।

इसके अतिरिक्त कोपागंज के कसारा मोड़ स्थित रिद्धि सिद्धि प्रतिष्ठान के निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। वहीं गालिबपुर भीटी स्थित प्रतिष्ठान से अमृत सुपर पफ ब्रांड वनस्पति का नमूना लिया गया।

उप जिलाधिकारी मधुबन की मौजूदगी में बस स्टैंड स्थित मद्धेशिया स्वीट्स से गुलाब जामुन और मीठा खोया के नमूने लिए गए तथा कमियां मिलने पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया। इसी प्रकार भगवती सिनेमा हाल के निकट स्थित रुद्रांश स्वीट्स से बताशा और बेसन के लड्डू के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए और संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित