मऊ , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अंतर्गत ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित तीन किसानों को शुक्रवार को ट्रैक्टर प्रदान किए गए। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन और मधुबन विधायक रामविलास चौहान ने किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना का उद्देश्य किसानों को प्रोत्साहित करना तथा कृषि कार्यों में आधुनिक कृषि यंत्रों और संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर मिलने से किसानों को खेती के कार्यों में सुविधा होगी, लागत और समय दोनों की बचत होगी तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित प्रथम लाभार्थी प्रदीप गुप्ता पुत्र हरिश्चंद्र गुप्ता, निवासी भैसा नई बाजार, खरद, दोहरीघाट, द्वितीय लाभार्थी भरत सिंह यादव पुत्र अच्छैबर यादव, निवासी अछार तथा तृतीय लाभार्थी मुन्नालाल यादव पुत्र गांधी यादव, निवासी बिजाबे कटघरा शंकर, जनपद मऊ को ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया।
मधुबन विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा तथा कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र किसानों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी किसानों ने ट्रैक्टर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्र मिलने से खेती के कार्य अधिक सुगमता और कम लागत में किए जा सकेंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित