मऊ , अगस्त 07 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र में गत दिनों हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए शुक्रवार को दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि मंगलवार को ग्राम गहनी निवासी प्रदीप कुमार सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका पुत्र बलवंत सिंह (28) सोमवार शाम ट्यूबवेल से पानी भरने गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह खेत की मेड़ के पास बलवंत का शव मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर हलधरपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना हलधरपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम गहनी में रमेश सिंह के ट्यूबवेल के पास से विवेक सिंह उर्फ सिट्टू को गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरे अभियुक्त देवेंद्र यादव को सेमराजपुर चट्टी के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उनकी निशानदेही पर मृतक का चोरी किया गया एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 160/2026, धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित हत्या की घटना का सफल अनावरण किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित