मऊ , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में मऊ के जिलाधिकारी आनन्द वर्धन ने लोगों से पेट्रोल एवं डीजल की अनावश्यक खरीदारी न करने की अपील करते हुये आश्वस्त किया है कि जिले में दोनों ईंधनों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने गुरुवार को अधिकारियों से कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा पैनिक की स्थिति पैदा न होने दें तथा लोगबाग जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीद करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पेट्रोल पंपों पर उत्पन्न हो रही समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता सामान्य है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। इस संबंध में आयोजित बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि तेल कंपनियों से आवंटन कम मिलने तथा अचानक मांग बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर समस्या उत्पन्न हुई है। संचालकों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा कंपनियों से ईंधन आपूर्ति बढ़ाए जाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित