मऊ , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में मऊ के जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा के लिए लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे सुचारु रूप से संचालित रहें तथा उनकी नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि कैमरों में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी अथवा निगरानी व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
श्री वर्द्धन ने वेयरहाउस परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की निरंतर तैनाती सुनिश्चित करने तथा ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समय-समय पर नियमित समीक्षा की जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित