मऊ , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के मऊ के जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित बाल निकेतन के पास पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-भटनी रेलखंड पर रेलवे समपार संख्या 0/बी पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर वैकल्पिक चलायमान मार्ग तत्काल तैयार कराने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उल्लेखनीय है कि जनपद मुख्यालय स्थित बाल निकेतन के पास इंदारा-मऊ रेलवे स्टेशनों के मध्य रेलवे समपार संख्या 0/बी पर चार लेन रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण सेतु निगम एवं रेलवे विभाग द्वारा कराया जा रहा है। इस परियोजना को 9 सितंबर 2023 को स्वीकृति मिली थी, जिसकी कुल लागत 99.63 करोड़ रुपये है। परियोजना का निर्माण कार्य 15 मार्च 2024 से प्रारंभ हुआ था और इसकी पूर्णता की अंतिम तिथि 30 जून 2027 निर्धारित की गई है। अधिकारियों के अनुसार अब तक परियोजना की लगभग 55 प्रतिशत भौतिक प्रगति हो चुकी है।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित