बैतूल , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में बजरंग मंदिर से गैस सिलेंडर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बाकुड़ निवासी लोकेश वागद्रे ने आठनेर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के बजरंग मंदिर से गैस सिलेंडर चोरी हो गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 230/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने बाकुड़ निवासी शेख शमशेर (36) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से गैस सिलेंडर चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ग्राम बाकुड़ में मोहन के खेत के पीछे झाड़ियों से इंडियन कंपनी का गैस सिलेंडर बरामद किया। बरामद सिलेंडर की अनुमानित कीमत करीब तीन हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर तीन सितंबर को भैंसदेही न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को जिला जेल बैतूल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले के खुलासे में निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक गंभीर सिंह रघुवंशी सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित