भीलवाड़ा , फरवरी 26 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में प्राचीन हनुमान मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने गांव के ही दो युवकोंको गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि धुंवाला गांव में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में 22 फरवरी को सुबह ग्रामीण मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो हनुमान प्रतिमा से चांदी का मुकुट और हार नदारद मिले। मंदिर का मुख्य द्वार टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
पुलिस ने जांच करते हुए गांव के निकास रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही संदिग्धों पर नजर रखी गयी। गहन जांच और ग्रामीणोंसे मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने धुंवाला गांव के ही सोनू सिंह (22) और शंकर (23) को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। जांच अधिकारी हेमेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गये दोनों युवक नशे के आदी हैं और अपने खर्चों एवं शौक पूरा करने के लिए उन्होंने इस पवित्र स्थान को निशाना बनाया। पुलिस चोरी किया गया माल बरामद करने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित