रांची , जुलाई 05 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंदिर में हुई चोरी की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह केवल धन की चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास पर डाका है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि वह एक मुस्लिम होने के बावजूद स्पष्ट रूप से मानते हैं कि हर धर्मस्थल का सम्मान और उसकी सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु भगवान के प्रति अपनी आस्था और विश्वास से मंदिरों में दान करते हैं। ऐसे में दान की चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था का अपमान है।

उन्होंने कहा कि वह बाबा बैद्यनाथ की नगरी से आते हैं और झारखंड सरकार ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को हमेशा प्राथमिकता दी है।

साथ ही उन्होंने भाजपा शासित राज्य में मंदिरों में हो रही चोरी और लूट की घटनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने तथा श्रद्धालुओं का विश्वास बहाल करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जवाब देने और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहती है, तो श्रद्धालुओं की आस्था और सम्मान की रक्षा के लिए जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित