चेन्नई , अगस्त 14 -- तमिलनाडु के पेराम्बलूर ज़िले में कुन्नम तालुक के नन्नई गांव में रथोत्सव के लिए सजाये गये मंदिर का रथ खींचते समय कल रात दो भक्तों की करंट लगने से मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति झुलसकर घायल हो गया।

दरअसल, आज के रथोत्सव के लिए बाहर निकालते समय ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में रथ आ गया था।

अय्यनार मंदिर के नवनिर्मित 20 फीट ऊंचे रथ को तमिल के पवित्र महीने 'आडी' के अंतिम शुक्रवार के उत्सव के उपलक्ष्य में आज के रथोत्सव के लिए तैयार किया गया था।

रथ को सजाने के बाद दो लोग अन्नादुरई (43) और परमासिवम (42) इसे मंदिर से बाहर निकाल रहे थे, तभी रथ के सबसे ऊपरी हिस्से पर लगा लोहे का कलश ऊपर से गुजर रहे एक हाई टेंशन तार के संपर्क में आ गया।

दोनों को करंट का जबरदस्त झटका लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी, जबकि इस काम में शामिल एक अन्य व्यक्ति रासू घायल हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए और घायल को इलाज के लिए पेराम्बलूर के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित