चित्तौड़गढ़ , मई 08 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गत दिनों दुर्ग स्थित जैन मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करके पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक युवती सहित पांच अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने आज बताया कि गत महीने दुर्ग स्थित एक जैन मंदिर से अष्ठधातु की दो प्रतिमाओं सहित करीब नौ किलो चांदी के अन्य जेवरात एवं दान पेटी से एक लाख से अधिक की नकदी चुरा लिये गये थे। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी तुलसीराम के नेतृत्व में विशेष पुलिस दल गठित किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने दिवाकर नगर में किराये से रह रहे मिठुलाल नायक को उसकी संदिग्ध गतिविधियां एवं उसके यहां संदिग्धों की आवाजाही को देखते हुए उसे पकड़ लिया। उससे पूछताछ की गई तो उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दुर्ग स्थित जैन मंदिर के साथ शहर के दो अन्य मंदिरों के अलावा उदयपुर जिले के फतहनगर के एक मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने उसकी सूचना पर जैन मंदिर से चोरी गई प्रतिमाएं और कुछ जेवरात बरामद करने के साथ राजमल कामड, कन्हैया नायक, प्रकाश खारोल एवं हिम्मत सालवी को अलग अलग ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इनके गिरोह में शामिल एक युवती सहित पांच अन्य बदमाशों को नामजद करके उनकी तलाश की जा रही है। सभी बदमाश चित्तौड़गढ़ जिले के ही निवासी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित