आगर-मालवा , मार्च 03 -- पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगर-मालवा नगर पालिका परिषद द्वारा अभिनव पहल करते हुए मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले पुष्पों से प्राकृतिक हर्बल गुलाल तैयार किया गया है। यह कार्य निकाय की सहयोगी संस्था एस के वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज के माध्यम से किया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुशलसिंह डोडवे ने बताया कि नगर के विभिन्न मंदिरों से प्रतिदिन निकलने वाले फूलों का वैज्ञानिक विधि से संग्रहण और प्रसंस्करण कर गुलाल बनाया जा रहा है। यह पहल कचरा प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि होली पर रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक हर्बल गुलाल का उपयोग करें।
स्वच्छता निरीक्षक बसंत डुलगज ने बताया कि पुष्पों का पुनर्चक्रण कर उपयोगी उत्पाद तैयार करना वेस्ट टू वेल्थ की अवधारणा को साकार करता है। रासायनिक रंगों के दुष्प्रभावों को देखते हुए हर्बल गुलाल का उपयोग समय की आवश्यकता है। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाते हुए इस पहल में सहभागिता की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित