भोपाल , जून 24 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने मंदसौर जिले में अवैध रूप से संचालित एमडी ड्रग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और रासायनिक सामग्री जब्त की है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेश में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में थाना नई आबादी पुलिस की विशेष टीम ने ग्राम बाजखेड़ी स्थित एक खेत पर बने पक्के मकान में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग, 9 किलो 109 ग्राम रासायनिक पदार्थ तथा ड्रग निर्माण में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में प्राप्त जानकारी के आधार पर सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण, परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित