पटना , जून 19 -- ोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को विभागीय मुख्यालय में मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से 'हर घर नल का जल' योजना, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, जल संरचनाओं के रख-रखाव, जलापूर्ति योजनाओं के संचालन, ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान तथा जनशिकायतों के निष्पादन की स्थिति पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आम लोगों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी है, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मंत्री ने क्षेत्र में बंद पड़े सभी चापाकलों की मरम्मत 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चापाकल पेयजल का एक महत्वपूर्ण स्रोत हैं और उनकी कार्यशीलता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई जलापूर्ति योजना बंद पाई जाती है तो संबंधित संवेदक एवं जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के संचालन के लिये कार्यरत ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान की समीक्षा करते हुए मंत्री ने समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल संचालन में ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके मानदेय भुगतान में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित