पटना , अक्टूबर 06 -- बिहार की भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भवन निर्माण विभाग, मुख्य अभियंता (विद्युत) पटना के क्षेत्रान्तर्गत पटना एवं नालंदा जिला से संबंधित विभिन्न विभागीय एवं विद्युत योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री ने दोनों जिलों में चल रही विद्युत संबंधी योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा लंबित परियोजनाओं की बिंदुवार जानकारी ली।

मंत्री ने कार्यों को अधिक बेहतर, सुव्यवस्थित एवं मानक के अनुरूप विद्युत संबंधी कार्यों के लिए शीघ्र मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने का सख्त निर्देश दिया।

समीक्षा के क्रम में श्रीमती लेशी सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं अभियंताओं से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं सकारात्मक समाधान निकालने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही, सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिया गया।

मंत्री ने निदेशित किया कि मानक स्तर के विद्युत उपकरणों का उपयोग हो और नियमित रूप से उपकरणों की जांच भी कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता में किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षात्मक बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं संबंधित अभियंतागण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित