शिवमोग्गा , जुलाई 06 -- कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने राज्य में पिछले 150 वर्षों में मानसून की सबसे खराब हालत की चेतावनी जारी करते हुए किसानों से बारिश शुरू होने तक बुवाई टालने की अपील की है।

श्री रेड्डी ने भद्रा बांध का निरीक्षण करने और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जलाशय में पानी के भंडार की समीक्षा करते हुए कहा कि बारिश की कमी ने राज्य को इस गंभीर स्थिति में डाल दिया है कि सरकार को इंसानों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध पानी को बचाने के लिए बाध्य कर दिया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "इस साल बारिश बहुत कम हुई है। पीने के पानी को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है। इसीलिए मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की है कि जब तक स्थिति में सुधार न हो, वे बुवाई न करें।"मंत्री ने पानी की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि भद्रा जलाशय मध्य कर्नाटक के कई जिलों के लिए पीने के पानी का मुख्य स्रोत है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने किसानों से सिंचाई के लिए जलाशय के पानी पर निर्भर नहीं रहने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि अगर बारिश बेहतर होती है और जलाशयों में पर्याप्त पानी आता है, तो खेती के लिए पानी छोड़ा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित