वाराणसी , अक्टूबर 17 -- प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी ली।
पैगंबरपुर में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए विस्फोट में एक मकान ढह गया था, जबकि आसपास के कई मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। घटना में भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री चंद्रकला के आवास को भी क्षति पहुंची थी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मुख्य आरोपी राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए जाने और उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की।
मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित