पटना, जून 30 -- बिहार खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने मंगलवार को 05 नव-नियुक्त खनिज विकास पदाधिकारियों एवं अनुकंपा पर नियुक्त 01 निम्नवर्गीय लिपिक को नियुक्ति पत्र प्रदान किये।इस अवसर पर खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी नव-नियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार के खनिज संसाधनों का पारदर्शी, वैज्ञानिक एवं सतत विकास विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नव-नियुक्त खनिज विकास पदाधिकारी अपनी ऊर्जा, समर्पण और ईमानदारी से विभाग को नई दिशा देंगे तथा राज्य के खनन प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

इस अवसर पर विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह, निदेशक (खान) मनेश कुमार मीणा तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने नव-नियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनसे विभाग की गरिमा एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित