झाबुआ , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं आलीराजपुर से भाजपा विधायक नागरसिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाने वाली रश्मि भाटिया नामक महिला ने नया वीडियो जारी कर अपने पूर्व के सभी आरोप वापस ले लिए हैं। महिला ने अपने बयानों के लिए खेद जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र और 29 अक्टूबर को जारी किया गया वीडियो गलत था।

महिला ने 29 अक्टूबर को जारी वीडियो में दावा किया था कि उसके और मंत्री नागरसिंह चौहान के बीच पिछले 20 वर्षों से संबंध हैं। उसने आरोप लगाया था कि मंत्री की पत्नी एवं सांसद अनिता नागरसिंह चौहान उसे मानसिक रूप से परेशान कर रही हैं। महिला ने यह भी कहा था कि वह 30 अक्टूबर को मंत्री के घर जाएगी और उसे कुछ होता है तो इसके लिए अनिता चौहान एवं उनका परिवार जिम्मेदार होगा।

इन आरोपों के बाद 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हुई थीं। हालांकि, नए वीडियो में रश्मि भाटिया ने कहा कि नागरसिंह चौहान के परिवार से उनके अच्छे संबंध हैं। मानसिक परेशानी के चलते उनसे पहले गलत बातें कही गईं। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो कैसे प्रसारित हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

महिला ने मंत्री नागरसिंह चौहान को प्रतिष्ठित और जनाधार वाला नेता बताते हुए उनकी पत्नी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उन्हें दोनों से कोई परेशानी नहीं है और वह उन्हें बदनाम नहीं करना चाहतीं। उन्होंने अपने पूर्व के बयानों पर खेद व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि मंत्री नागरसिंह चौहान ने भी एक दिन पहले आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। महिला के नए वीडियो के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित