अलवर , जून 01 -- राजस्थान के अलवर में सोमवार को राजस्थान सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान के बैनर तले सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने राज्य सरकार के एक मंत्री द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से कथित गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किये जाने के विरोध में मिनी सचिवालय पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने घटना की निंदा करते हुए जनप्रतिनिधियों से मर्यादित आचरण करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हाथों में बैनर लेकर एकत्रित हुए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए दिन-रात कार्य करते हैं और उनके साथ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार किया जाना उचित नहीं है।
संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि हाल ही में एक मंत्री द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किये जाने की घटना सामने आयी थी, जिससे पुलिस विभाग से जुड़े कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों में रोष है। उनका कहना था कि पुलिसकर्मी शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उनके सम्मान और गरिमा की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी कर्मचारी के साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं माना जा सकता। उन्होंने मांग की कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच आपसी सम्मान और संवाद की संस्कृति को बढ़ावा दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर मामले में संज्ञान लेने और पुलिसकर्मियों के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
संस्थान के अध्यक्ष दिलीप शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाएं होती रहीं तो सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित