पटना , मई 20 -- म नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने विभागीय जन शिकायत पोर्टल की मॉनिटरिंग व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से और सशक्त कर दिया है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देश के आलोक में विभाग में नया मॉनिटरिंग सेल गठित करते हुए राजस्व सेवा के नौ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभागीय आदेश के अनुसार, विभाग द्वारा संचालित जन शिकायत पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों और परिवादों के समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था तत्काल लागू की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित