जामताड़ा , मई 11 -- झारखंड सरकार के मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कोयला और बालू तस्करी को लेकर अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
जामताड़ा में समेकित जनजाति विकास एजेंसी द्वारा आयोजित जनजातियों को परम्परिक वाद्य यंत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के अभिभाषण के दौरान कही।उन्होंने कहा कि राज्य से बड़े-बड़े माफिया खुलेआम कोयला और बालू की चोरी कर दूसरे राज्यों में भेज रहे हैं, जबकि गरीब लोगों को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेज दिया जाता है।
डॉ अंसारी ने कहा कि जिस तरह से अवैध उत्खनन और तस्करी जारी है, अगर यही स्थिति रही तो आने वाले 10 से 15 वर्षों में झारखंड कोयला और बालू विहीन हो जाएगा। उन्होंने चिंता जताई कि तब राज्य की जनता के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
डॉ अंसारी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर जिनका हक है, वही लोग सबसे अधिक प्रताड़ित हो रहे हैं। पुलिस के भय से लोग खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने इसे राज्य की गंभीर व्यवस्था संबंधी समस्या बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित