रायपुर , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ में सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े पुत्र और राज्य की भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर कांग्रेस में स्वागत किया।

ढाल दास के कांग्रेस प्रवेश को राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। गुरु परिवार की सतनामी समाज में सामाजिक और धार्मिक भूमिका तथा परिवार के एक सदस्य खुशवंत साहब के वर्तमान भाजपा सरकार में मंत्री होने के कारण ढाल दास के इस राजनीतिक कदम को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

गौरतलब है कि गुरु बालदास का सतनामी समाज में प्रभाव माना जाता है। उनका परिवार बाबा गुरु घासीदास के वंश और गुरुद्वारा भंडारपुरी धाम से जुड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़ के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में इस गुरु परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती रही है।

गुरु बालदास के चार बेटे ढाल दास, सोमेश दास, खुशवंत दास और सौरभ दास हैं, जबकि उनकी एक बेटी भी है। चारों पुत्रों में ढाल दास सबसे बड़े हैं।

गुरु ढालदास साहेब सतनामी समाज के राजागुरु धर्मगुरु बालदास साहेब के परिवार के प्रमुख सदस्यों में शामिल हैं। समाज में उन्हें जेष्ठ भ्राता (बड़े भाई) के रूप में स्थान प्राप्त है और वे गुरु परिवार के प्रमुख मार्गदर्शकों में माने जाते हैं। वे गुरु घासीदास बाबा की पवित्र वंश परंपरा (भंडारपुरी धाम/गिरौधपुरी धाम) से जुड़े हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित