चंडीगढ़ , अप्रैल 3 -- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हूडा ने राज्य की मंडियों में किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर वेरिफिकेशन, बायोमेट्रिक, गेट पास और तीन गारंटर जैसी शर्तें लगाकर सरकार किसानों के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर रही है, जो एक बड़े घोटाले की ओर इशारा करती हैं।
श्री हुड्डा ने कहा कि इन जटिल प्रक्रियाओं के कारण किसान मंडियों में फसल लाने से बच रहा है और मजबूरी में औने-पौने दाम पर बाहर ही बेचने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसी परिस्थितियां पैदा कर रही है जिससे किसान "कैदी" जैसा महसूस करे।
उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल से वह स्वयं और पार्टी के अन्य पदाधिकारी व विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की मंडियों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में गेहूं की फसल पहले ही ओलावृष्टि और बारिश से प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार ने न तो स्पेशल गिरदावरी करवाई और न ही मुआवजा दिया। उन्होंने मांग की कि किसानों को तुरंत गेहूं पर बोनस दिया जाए और फसल नुकसान की भरपाई की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित