खगड़िया , अक्टूबर 06 -- बिहार में खगड़िया के जिलाधिकारी विक्रम विरकर की अध्यक्षता में मंडल कारा में 'बंदी दरबार' का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर जेल में संसीमित पुरुष एवं महिला बंदियों की समस्याओं को बारी-बारी से गंभीरतापूर्वक सुना गया और उनके निराकरण के लिये संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बंदी दरबार में जिलाधिकारी द्वारा बंदियों को संबोधित किया गया तथा निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी नेपेंशन, कौशल प्रशिक्षण और परवरिश योजना आदि में ज्यादा से ज्यादा संख्या में बंदियों को लाभान्वित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर: बंदियों की स्वास्थ्य समस्याओं को सुनने के बाद, सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि वे विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से कारा में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करें। कारा में संसीमित महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के नियमित टीकाकरण को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कारा अधीक्षक को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
इस कार्यक्रम के दौरान मंडल कारा के बंदियों द्वारा जिला पदाधिकारी के सम्मान में स्वागत गान भी प्रस्तुत किया गया।
इस बंदी दरबार में अनुमंडल पदाधिकारी, कारा अधीक्षक सहित जिला प्रशासन एवं कारा प्रशासन के कई अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन कारा अधीक्षक राधेश्याम सुमन के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित