मथुरा , मार्च 30 -- मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने सोमवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अंतर्गत मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का अधीनस्थ अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले गौरा नगर स्थित आर्टिजन सेंटर का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यहां राधा-कृष्ण की पोशाक से संबंधित लगभग 78 दुकानों, 4 कम्युनिटी हॉल और 2 प्रशिक्षण हॉल का निर्माण पूर्ण हो चुका है। मंडलायुक्त ने परिसर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने और अस्थायी रूप से लटके विद्युत तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंडलायुक्त ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र के साथ दारुक पार्किंग के सामने निर्माणाधीन 'सेंटर फॉर लिविंग ट्रेडिशन' का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यहां राधा-कृष्ण पोशाक, कंठी माला, श्रृंगार सामग्री आदि के उत्पादन और विक्रय के साथ-साथ ब्रज की संस्कृति और लोक कलाओं के प्रदर्शन एवं प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जा रही है।
परियोजना के अंतर्गत आउटलेट ब्लॉक, सेल सेंटर, फूड कोर्ट, किड्स प्ले एरिया और ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जा रहा है। निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने ऑडिटोरियम में फॉल सीलिंग, स्टेज लाइट, साउंड सिस्टम और पंखों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित