भीलवाड़ा , मई 25 -- राजस्थान में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव एवं जिला प्रभारी सचिव मंजू राजपाल ने सोमवार को मांडलगढ़ पंचायत समिति सभागार में समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली।

बैठक में मंजू राजपाल ने भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए आमजन हित से जुड़े विभागों, विशेषकर पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पेयजल विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाये और जहां कहीं भी नियमित आपूर्ति बाधित हो, वहां वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से तुरंत पेयजल उपलब्ध करवाया जाये।

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिये कि जिले में कहीं भी बिजली संकट या समस्या की शिकायत मिलने पर तत्काल प्रभाव से उसका समाधान किया जाये। इसके साथ ही उन्होंने 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' सहित विभाग की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी गहन समीक्षा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित