जयपुर , सितंबर 21 -- राजस्थान के कृषि विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल ने सोमवार को राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान (रारी), दुर्गापुरा का निरीक्षण किया।

श्रीमती मंजू राजपाल ने संस्थान की विभिन्न अनुसंधान गतिविधियों का अवलोकन करते हुए कृषि वैज्ञानिकों से प्रदेश में कृषि अनुसंधान, नई तकनीकों एवं किसानों के लिए उपयोगी नवाचारों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अनुसंधान क्षेत्र में मूंगफली की विभिन्न उन्नत किस्मों का अवलोकन किया तथा उनकी विशेषताओं, उत्पादन क्षमता एवं राजस्थान की कृषि परिस्थितियों में उपयोगिता की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न फसलों के बीज उत्पादन, नई विकसित किस्मों के गुणन, नई अनुसंधान परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने तथा अनुसंधान परिणामों को किसानों तक पहुंचाने के संबंध में वैज्ञानिकों से चर्चा की। उन्होंने संस्थान की व्हाइट ग्रब प्रयोगशाला एवं कीटनाशक अवशेष प्रयोगशाला का भी भ्रमण किया तथा वहां किए जा रहे अनुसंधान एवं परीक्षण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कृषि उत्पादन में गुणवत्ता, सुरक्षित कृषि उत्पाद एवं वैज्ञानिक तकनीकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

इस अवसर पर श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय की अनुसंधान गतिविधियों एवं किसानों के हित में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित